अमृतसर – केंद्र की मोदी सरकार तथा पंजाब की कांग्रेसी सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध मेहनतकश जनसमूहों को जागरूक व संगठित करने के लिए भारतीय क्रांतिकारी माक्र्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) द्वारा आज जलियांवाला बाग से 2 जत्थे चलाकर ‘‘जन-जन जगाओ-लुटेरे भगाओ’’ जत्था मार्च का आरंभ किया गया।
यह दोनों जत्थे 10 दिन अर्थात 21 नवंबर तक, प्रांत के हर कोने में, पठानकोट से खूहिंया सरवर (फाजिल्का) तथा भिंडी सैदां (अजनाला) से मोहाली तक जाकर लोगों को मौजूदा सरकार की रोजगार व कृषि को तबाह करने वाली तथा महंगाई बढ़ाकर पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने वाली जनविरोधी व देशद्रोही नीतियों के विरुद्ध संघ परिवार के सांप्रदायिक फाशीवादी एजंडे के विरुद्ध जनसंघर्षों के मैदान संभालने का आह्वान करेगें।
स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की यादगार पर श्रद्धांजलियां अर्पित करने के बाद माझा व दोआबा क्षेत्र के जिलों के लिए पार्टी के महासचिव कामरेड मंगत राम पासला के नेतृत्व में चले जत्थे में सर्वसाथी रतन सिंह रंधावा प्रांतीय अध्यक्ष, डा. सतनाम सिंह अजनाला, गुरमेज सिंह तिम्मोवाल, बलदेव सिंह सैदपुर, अमरीक सिंह दाऊद, शीतल सिंह तलवंडी तथा गुरदर्शन सिंह बीका (सभी राज्य कमेटी सदस्य) तथा स्थानीय नेता शामिल थे। जबकि तरनतारन व मालवा क्षेत्र के समस्त जिलों के लिए पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य साथी गुरनाम सिंह दाऊद के नेतृत्व में रवाना हुए जत्थे में सर्वसाथी परगट सिंह जामाराए, जसपाल सिंह, मुख्तार सिंह मल्लाह (सभी राज्य कमेटी सदस्य), बलदेव सिंह पंडोरी, चमन लाल दराजके तथा दलजीत सिंह दयालपुरा आदि नेता शामिल थे। दोनों जत्थों के लिए तैयार किए गए वाहनों को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से सजाया गया था तथा उन पर मजदूर-किसान आंदोलन के संग्रामी योद्धाओं की तस्वीरों के अतिरिक्त जत्थे के उद्देश्यों व लोगों की ज्वलंत मांगों को भी दशार्या गया था। जत्थे में मोटरसाईकलों के काफिले भी शामिल थे।
जत्थे को रवाना करते हुए पार्टी के राज्य सचिव कामरेड हरकंवल सिंह ने कहा कि यह जत्था मार्च केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा लागू की जा रही साम्राज्यवाद निर्देशित नीतियों के कारण बढ़ रही सामाजिक आर्थिक समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ साथ संघ परिवार के मनूवादी मनसूबों के विरुद्ध विचारधारक व राजनीतिक संघर्ष तीव्र करने तथा इन जन-दुश्मन राजनीतिक गठजोड़ों के मुकाबले के लिए जनसमर्थक वाम-जनवादी विकल्प उभारने का भी आह्वान करेगा।
दोनों जत्थों ने जलियांवाला बाग से चलकर हाल गेट तक संयुक्त रूप में प्रदर्शन किया। पार्टी द्वारा जारी किए गए एक प्रैस नोट के अनुसार साथी पासला के नेतृत्व वाले जत्थे का अगला पड़ाव बुटारी होगा तथा दूसरे जत्थे का खडूर साहिब। यहां विशाल जन-एकत्रताओं को संबोधन किया जाएगा।