तामिलनाडु डायरी
भारतीय क्रांतिकारी माक्र्सवादी पार्टी की तामिलनाडु राज्य कमेटी की बैठक
आर.एम.पी.आई. की तामिलनाडु राज्य कमेटी की बैठक 29 दिसंबर को को यंबटूर में पार्टी के राज्य अध्यक्ष कामरेड एम.राजगोपाल की अध्यक्षता में की गई। इसमें पार्टी के अखिल भारतीय अध्यक्ष कामरेड के.गंगाधरन ने विशेष रूप में भाग लिया। पार्टी के चेन्नई जिला अध्यक्ष साथी एन.पी.सुंदर व्हील चेयर पर इस बैठक में शामिल हुये।
इस बैठक में निम्न अनुसार निर्णय लिये गये :
पार्टी फंड के कोटे जो 18 नवंबर की बैठक में तय किये गये थे, 31 जनवरी तक हर हालत में पूरे करने के लिए सभी जिला कमेटियों से आग्रह किया गया।
केंद्रीय कमेटी के निर्णय के अनुसार 30 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तर पर मेहनतकश जनता की ज्वलंत मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के लिए योजनाबंदी की गई।
केंद्रीय कमेटी के निर्णय के अनुसार ही 9 फरवरी को प्रांत के जिला कुड्डालोर के शहर विरुधाचलम में ‘धर्मनिरपेक्षता व जनवाद’ के विषय पर सैमीनार करने का फैसला किया गया। जिसमें पार्टी के अखिल भारतीय अध्यक्ष साथी के. गंगाधरन व स्टैंडिग कमेटी सदस्य साथी के.एस.हरिहरन विशेष रूप में भाग लेंगे। इसमें पूरे प्रांत से शिरकत के लिए जिलावार साथियों की उपस्थिति के कोटे भी निर्धारित किये गये।
प्रांत की सांस्कृतिक संस्था ‘तामिलनाडु कालाई ईलाक्किया पेरावई’ 17 जनवरी को एक कार्यक्रम में राज्य में अंतर-जातीय विवाहों को प्रोत्साहित करने वाली फिल्म ‘पारियेरूम पेरूमल’ (धुड़सवार पेरूमल) के निर्देशक व कलाकारों को सम्मानित करने जा रही है। इस कार्यक्रम में भाग लेने का निर्णय लिया गया। पार्टी के अखिल भारतीय अध्यक्ष साथी के.गंगाधरन इस कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण करेंगे।
तामिलनाडु ट्रेड यूनियन कन्फैडरेशन (टी.टी.यू.सी.) के नेतृत्व में पूरे प्रांत में कार्य करने वाली आटो चालक यूनियनों के आधार पर एक प्रांतीय यूनियन गठित करने के लिए 26 जनवरी को सलेम में एक सम्मेलन किया जायेगा। इस सम्मेलन में हर जिले से कम से कम 10 सदस्य भेजने का निर्णय लिया गया। इसी तरह हैंडलूम व टैक्सटाईल कामगरों का भी निकट भविष्य में प्रांतिय आधार भर संगठन बनाया जायेगा।
बैठक में एम.सी.पी.आई.(यू) के साथ चल रही एकता वार्ता की प्रगति के बारे में भी रिपोर्ट की गई।
अंत में साथी के.गंगाधरन द्वारा अपने समापन भाषण में सभी सदस्यों का इन निर्णयों का पालन करने तथा संबंधित कार्यों को पूर्ण करने का आह्वान किया गया।
तामिलनाडु वूमैंस एसोसियेशन का जिला सम्मेलन
तामिलनाडु वूमैंस एसोसियेशन की सलेम जिला ईकाई का चौथा जिला सम्मेलन विजयरागवाचारी हाल में किया गया। 2000 की सदस्यता का प्रतिनिधित्व करते 100 डैलीगेटों ने इसमें भाग लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता स्त्री नेता कामरेड एम. कलईवाणी ने की। आर.एम.पी.आई. के जिला सचिव कामरेड के.टी. राज ने इसका उद्घाटन किया। वूमैंस एसोसियेशन की सलेम इकाई की सचिव कामरेड एम.भुवनेश्वरी ने पिछले समय की कार्य-रिपोर्ट पेश की।
15 सदस्यीय टीम का आने वाले समय के लिये चुनाव किया गया, जिसमें कामरेड सुमति अम्माल अध्यक्ष, एम. भुवनेश्वरी, सचिव व कामरेड एम. कलईवाणी, कोषाध्यक्ष चुने गये।
इस सम्मेलन को नौजवान संगठन की ओर से कामरेड सुमन टी.टी.यू.सी. की ओर से एम. राजगोपाल, हैंडलूम व टैक्सटाईल वर्कर्स एसोसियेशन की ओर से कामरेड पी.नागराज, किसान संगठन की ओर से एस.कविता ने भी संबोधन किया।
आटो रिक्शा चालक संगठन की सरगर्मियां
तामिलनाडु ट्रेड यूनियन कन्फैडरेशन (टी.टी.यू.सी.) से संबंधित आटो चालक संगठन की सलेम इकाई द्वारा राज्य में चल रहे संक्रामक बुखार से आम जनता की रक्षा के लिये अभियान चलाया गया। इसके अंर्तगत 15000 लोगों को एक ‘पेय पदार्थ’ वितरित किया गया जो इस बुखार से रक्षा करता है तथा इसके विरुद्ध रोग प्रतिरोधक क्षमता पैदा करता है। 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक चले इस अभियान में टी.टी.यू.सी. की ओर से आटो चालक संगठन प्रभारी कामरेड के.टी.राज, वैंकटेश, सक्तिवेल, मुरूगेसन, मुरूगन, मोहन, मंसूर, मरिअप्पन, पनीरसेलवम, सिवकुमार, कवन तथा स्त्री नेता भुवनेश्वरी ने विशेष रूप में भाग लिया।
तामिलनाडु वूमैंस एसोसियेशन की सरगर्मियां
तामिलनाडु वूमैंस एसोसियेशन की सलेम शहरी ईकाई द्वारा 11 दिसंबर को शहर के स्त्री पुलिस थाने में औरतों से हो रही ज्यादतियों जैसे कि उनके बारे में अपशब्दों का प्रयोग, उन्हें खाद्य पदार्थ, काफी, भोजन आदि लाने के लिये मजबूर करना, जांच आदि में जानबूझ कर देरी करना व अन्य उत्पीडऩ के विरुद्ध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन सलेम के डाकघर के समक्ष किया गया, जिसकी अध्यक्षता कामरेड एम. भुवनेश्वरी ने की।
सलेम जिले में दिन-प्रति दिन स्त्रियों के विरुद्ध अपराध बढ़ते जा रहे हैं तथा स्थानीय पुलिस विभाग को बार-बार चेतावनी के बावजूद उसकी आपराधिक तत्त्वों से सांठगांठ होने के कारण उनके विरुद्ध कोई गंभीर कार्यवाही नहीं की जा रही। इस मुद्दे को लेकर 14 दिसंबर को सलेम शहर में तामिलनाडु वूमैंस एसोसियेशन के बैनर तले एक प्रदर्शन किया गया।
इन दोनों ही प्रदर्शनों को वूमैंस एसोसियेशन के नेतृत्व के अतिरिक्त टी.टी.यू.सी. की ओर से कामरेड के.टी.राज, कविता, किसान संगठन, वैंकटेश, गोकुल, सुमन, नौजवान संगठन, मागेश्वरी, घरेलु मजदूर संगठन तथा कलईवानी व सुमति अम्माल ने संबोधन किया।
हरियाणा डायरी
किसान संघर्ष समिति हरियाणा का सदस्यता अभियान
किसान संघर्ष समिति हरियाणा ने अपना सदस्यता अभियान शुरू किया। बाबा गुरबचन सिंह, मलकीत सिंह रंधावा, एक्स एमसी रूप सिंह खोखर, कामरेड दर्शन सिंह लांबा, मनदीप नथवान के नेतृत्व में सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। घर-घर जाकर किसानों को संगठन से जोडऩे का काम किया गया। किसान संघर्ष समिति पहले चरण में 2000 बनाएगी। एक मजबूत संगठन किसानों का बनेगा जो किसानों की समस्याओं को हल करवाने के लिए सदैव संघर्षों का रास्ता अपना आज किसानों के हालात क्या हैं यह हम भलीभांति जानते हैं किसानों को फसलों के लाभकारी दाम नहीं मिल रहे, सत्ता प्राप्त करने से पहले राजनीतिक दल किसानों से अनेक वायदे करते हैं सत्ता प्राप्त करने के बाद किसानों के खिलाफ नीतियां लागू की जाती हैं। आज हर राजनीतिक दल किसानों का नाम लेकर वोट बटोरना चाहता है मगर जो किसानों के हालात है उसको बदलने पर कोई बातचीत करने के लिए तैयार नहीं है। बड़े-बड़े कारपोरेट घरानों के कर्ज माफ कर दिए गये परंतु किसानों के कर्ज माफी के पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अनाज मंडी में किसानों की फसल के पूरे दाम नहीं मिलते, यूरिया खाद के सात अन्य वस्तुओं को धक्के से किसानों को दिया जाता है, हर तरफ किसानों का शोषण किया जा रहा है, आवारा पशुओं ने किसानों का जीना हराम कर दिया है, गेहूं की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। डीसी फतेहाबाद से जब किसान आवारा पशुओं के मुद्दे को लेकर मिले, जवाब मिला कि किसान खुद इसका इंतजाम करें समय आने पर किसान जवाब जरूर देगा। हैप्पी सीडर से बिजी गई गेहूं खराब हो चुकी है, बीमा कंपनियों द्वारा किसान की मर्जी के बिना ही बीमा काट लिया जाता है। 6 फरवरी को किसान संघर्ष समिति कर्ज मुक्ति, गेहूं की फसल के मुआवजे की मांग, आवारा पशुओं के समाधान व किसानों की अन्य मांगों को लेकर डीसी दफ्तर फतेहाबाद पर धरना देगी। इसके लिए गांव गांव में जनसंपर्क अभियान शुरू किया जा रहा है, हजारों किसानों को किसान संघर्ष समिति अपना सदस्य बनायेगी। किसानों से अपील है कि वे किसान संगठन में शामिल हो।
नशों के खिलाफ मार्च करके सभा ने किया आग़ाज़ नव वर्ष का
शहीद भगत सिंह नौजवान सभा पंजाब-हरियाणा की युनिट कमेटी ढिंगसरा जिला फतेहाबाद (हरियाणा) की ओर से नववर्ष के आगमन पर नशों के खिलाफ गांव में मार्च निकाला गया। पूरे गांव में ‘नशा नहीं रोजगार दो’, ‘शिक्षा का अधिकार दो’, ‘शहीद भगत सिंह नौजवान सभा का संदेश, नशा मुक्त हो भारत देश’, ‘अमर शहीदों का पैगाम, जारी रखना है संग्राम’ के नारों से युवाओं व गांववासियों को प्रेरित किया गया। मार्च का नेतृत्व राजेश ढिंगसरा, युनिट प्रधान व सतवीर ढिंगसरा कमेटी मैंबर ने की। गांव के चौक में लोगों को संबोधन करते हुए राज्य प्रधान मनदीप नथवान व जिला प्रधान सुनील सलनीया ने कहा कि आज बेरोजगारी देश में सबसे बड़ी समस्या है। कोई भी सरकार इसका हल निकालने में कामयाब नहीं हो रही। बल्कि नौजवानों को नशों की दलदल में धकेला जा रहा है। मोदी सरकार के हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने के वायदे सिर्फ चुनावी जुमले बनकर रह गये हैं। 6000 से 9000 रुपये मासिक भत्ते का वायदा सरकार ने चुनावी मैनीफेस्टो में किया मगर तरह तरह की शर्तें लगाकर युवा वर्ग को परेशान किया जा रहा है। युवाओं को चाहिये कि वो झुठे वायदे करने वाले नेताओं की चालों को समझें और शहीदों के बताये मार्ग पर चलें तभी शहीदों के सपनों को मंजिल तक ले जाया जा सकेगा। जिला सचिव परमजीत लाली ने जोशीले नारे लगाये। जिला महासचिव निर्भय रतिया भी मार्च में शामिल हुए।
रिपोर्ट : परमजीत लाली,जिला सचिव
देहाती मजदूर सभा की सरगर्मियां
देहाती मजदूर सभा के राज्य कमेटी के आह्वान पर मनरेगा मजदूरों व अन्य मजदूरों की मांगों के लिए रतिया वह नागपुर में दिया गया धरना मनरेगा काम की दिहाड़ी 600 रुपये प्रतिदिन करवाने और काम सारा वर्ष 365 दिन देने, 10-10 मरले के आवासीय प्लाट देने, पीले व गुलाबी कार्ड बनवाने, सरकारी डिपो पर 14 वस्तुएं आधे रेट में दिलवाने व 200 यूनिट बिजली के बिल माफ करवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम बीडीपीओ को मांग पत्र सौंपे गए।
ट्रेड यूनियन सरगर्मियां
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियंस के आह्वान पर 8 व 9 जनवरी को जिला फतेहाबाद में जन संगठनों के सांझे मोर्चे ने कामरेड तेजिंदर सिंह थिंद के नेतृत्व में मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ हड़ताल में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन पर भवन एवं अन्य कामगार मजदूर यूनियन जिला फतेहाबाद का दूसरा सम्मेलन संपन्न हुआ जिसमें भूना मंडी में पहले एक आम सभा की गई वह शहर में प्रदर्शन करते हुए विश्वकर्मा धर्मशाला सम्मेलन वाली जगह पर जुझारू कार्यकर्ता पहुंचे वाह झंडे की रस्म अदा करने के बाद जिला का सम्मेलन आरंभ हुआ बाद में एक सत्रह मेंबरी कमेटी का गठन किया गया पंजाब भवन निर्माण यूनियन के प्रधान कामरेड गंगा प्रसाद जी ने मुख्य वक्ता तौर पर सम्मेलन को संबोधित किया
हिमाचल डायरी
दलित उत्पीडऩ की एक और व्यथा
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लु में ग्राम पंचायत थाटीबीड़ में फागली उत्सव में अनुसूचित जाति के युवक की गोद में फूलों का गुच्छा गिरने के बाद उससे मारपीट की गई। सैंज घाटी में शलवाड के लाल चंद अनपे दोस्तों के साथ थाटीबीड़ में फागली मेला देखने गया था। शाम के समय होने वाले बीठ कार्यक्रम में जब बीठ (फूलों का गुच्छा) देवता के कारकूनों की ओर से फेंका गया तो यह अनुसूचित जाति के युवक की गोद में आ गिरा। इसके बाद कारकूनों के इशारे पर भीड़ ने उसे व उसके दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया। उन्हें डंडों से पीटकर लहूलूहान कर दिया गया। कारकूनों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया। देवता के कारकूनों को रोकने की जगह देवता कमेटी के सदस्यों ने बीठ पकडऩे के लिए इन अनुसूचित जाति युवकों से जुर्माने के तौर पर उनसे 5100 रुपये वसूले।
इस घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर डाला गया तो अनुसूचित जाति कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष दिले राम ने मांग की कि इस मामले के आरोपियों को पुलिस दो दिन के अंदर गिरफ्तार करे। अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ा तो अनुसूचित कल्याण संघ बंजार में धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएगा। पुलिस ने पीडि़त युवकों को न्याय देने की जगह टालमटोल वाला रूख अपनाया तथा आरोपियों का पता होने के बावजूद अज्ञात लोगों पर एफ.आई.आर. दर्ज की।